भीकनगांव जनपद CEO सुसाइड केस में भाजपा नेता गिरफ्तार
भोपाल। मध्य-प्रदेश के खरगोन जिले की भीकनगांव जनपद सीईओ स्व. राजेश बाहेती के सुसाइड के मामले में पुलिस ने जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि धन्नालाल खतवासे और जनपद उपाध्यक्ष दुलीचंद बांके को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मामले में आरोप लगाया था कि मामले को दबाने के लिए दोनों भाजपा नेता भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शरण में आ गए हैं।
जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि धन्नालाल खतवासे और उपाध्यक्ष दुलीचंद बांके गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भीकनगांव जनपद सीईओ राजेश बाहेती सुसाइड मामले में पुलिस द्वारा की गई जांच में जो तथ्य सामने आए एवं सहकर्मी और परिजनों ने अपने कथनों में जो बताया उस आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर मामला पंजीबद्ध कर 2 व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को जनपद सीईओ राजेश बाहेती ने अपने शासकीय आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था जिसमें दोनों के नाम का उल्लेख था। लिखा था कि किस प्रकार वो दोनों प्रताड़ित कर रहे हैं। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बताया था कि दोनों आरोपी भागकर भोपाल आ गए हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शरण में है। दिग्विजय सिंह का कहना था कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।