तबादलों की सूची का इंतजार, 25 जुलाई से तबादले की सूचियां होंगी जारी…

छतरपुर। मप्र के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने एक जुलाई से 31 जुलाई के लिए तबादलों पर लगा प्रतिबंध हटाकर तबादले करने के लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित की थी। परंतु मप्र के सभी विभागों में तबादले को लेकर मंथन जारी है और भोपाल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 25 जुलाई के बाद विभिन्न विभागों में तबादले की सूची जारी होंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिलों में विभिन्न विभागों में पदस्थ विभाग के प्रमुख अधिकारियों ने तीन साल से ज्यादा का समय व्यतीत कर लिया है ऐसे अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे। इसके अलावा जिन अधिकारियों की प्रशासनिक क्षमता ठीक नहीं है या उनकी गोपनीय चरित्रावली ठीक नहीं हैऐसे कर्मचारियों के प्रशासनिक आधार पर ट्रांसफर किए जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार से स्वेच्छा के आधार पर दिए गए आवेदनों पर अधिकांशत: विचार किया जा रहा है। शासन की नई पॉलिसी के अनुसार कर्मचारी को एक बार मन की जगह दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसलिए ऐसे कर्मचारियों के ट्रांसफर जिन्होंने स्वेच्छा के अधिकारी पर परिवारिक परिस्थिति क हवाला देकर आवेदन दिया है उनके भी स्थानांतरण किए जाएंगे। इसके अलावा जिले स्तर के ट्रांसफर प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद कलेक्टर के द्वारा होंगे। जिसकी सूचियां भी विभिन्न विभागों में बनना शुरु हो गई हैं। शिक्षा विभाग के सभी तबादले ऑनलाईन होना है। इसलिए शिक्षा विभाग के द्वारा अलग से ट्रासफर नीति बनाई गई थी जिसकी अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित थी अब शिक्षा संचनालय से ट्रासफर शिक्षकों के होंगे। जिले स्तर पर केवल प्राथमिक शाला के शिक्षकों के तबादले प्रभारी मंत्री की अनुशंसा होने पर होंगे। फिलहाल 25 जुलाई के बाद ट्रांसफरों की सूची विभिन्न विभागों की जारी होना है। इसके अलावा आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर भी अतिशीघ्र होंगे। मंत्रालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों के विभागों में भोपाल स्तर पर फेरबदल किया जा सकता है। एक दर्जन से ज्यादा जिले के कलेक्टर एसपी के बदले जाने की संभावना है। फिलहाल सभी को तबादले सूची का इंतजार है।