भाजपा हमेशा जनहित के लिए योजनायें बनाती है: पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह

छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में आयोजित की जा रही मण्डल स्तरीय बैठकों की कड़ी में आज गुरूवार को छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के महेबा मण्डल की बैठक भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू भैया के मुख्य आतिथ्य में देवपुर तिगेला हाट बाजार में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री जयराम चतुर्वेदी, विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने की।
भाजपा युवा मोर्चा महेबा मण्डल के अध्यक्ष हरिओम त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू भैया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनहित से जुड़ी हुई योजनायें बनाती है ताकि जनता को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को बूथ स्तर तक ले जाकर आम जनता को उनकी जानकारी दें। ताकि लोग लाभांवित हो सकें। बैठक की शुरूआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को पूरी तनमयता के साथ पार्टी हित में काम करने के लिए ताकीद किया गया और कहा गया कि कार्यकर्ता ही भारतीय जनता पार्टी की रीढ है। अंत में बैठक की अध्यक्षता कर रहे कृष्ण कुमार तिवारी ने सभी अतिथियों का आभार जताया और कहा कि हमारे मण्डल के कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों का पालन करना परम कर्तव्य है। इस मौके पर पूर्व मण्डल अध्यक्ष मोहन तिवारी, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष हरिओम त्रिपाठी, हरूण पटैरिया, संतोष तिवारी, जिला पंचायत सदस्य संतोष पारासर, मनकेश गौतम, नीरज रावत, दिनेश त्रिपाठी, देवीदीन विश्वकर्मा, कमलेश यादव, बृजबिहारी यादव, तुलसीदास विश्वकर्मा, रामस्वरूप अहिरवार सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।